महर्षि अरविंद इंस्टीट्यूट ऑफ़ साइंस एंड मैनेजमेंट, अम्बाबाड़ी में 20 एवं 21 फरवरी 2026 को कंप्यूटर एप्लिकेशन विभाग द्वारा “फोर्थ इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन मल्टीडिसिप्लिनरी कंप्यूटिंग एंड आईटी कन्वर्जेंस 2026” का भव्य आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश से शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं आईटी विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन में प्रमुख वक्ताओं के रूप में डॉ. सुरेश कुमार शर्मा (एसकेएन कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर), प्रोफेसर नीरज कुमार राठौड़ (डीन एवं हेड, अमरकंटक, मध्यप्रदेश), श्री अभिषेक शर्मा (संस्थापक, पॉप हास्ता लैब, यूनाइटेड किंगडम) तथा डॉ. किरण गौर (एसकेएन कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर) उपस्थित रहे। सभी विशेषज्ञों ने वर्तमान समय में प्रचलित आधुनिक तकनीकों जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML), ब्लॉकचेन, क्लाउड कंप्यूटिंग एवं हेल्थ सेक्टर में आईटी के बढ़ते उपयोग पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने विषयों को केवल सैद्धांतिक रूप से ही नहीं, बल्कि प्रायोगिक प्रदर्शन के माध्यम से भी समझाया, जिससे प्रतिभागियों को नई तकनीकों की गहन जानकारी प्राप्त हुई।
संस्थान के निदेशक डॉ. भरत पाराशर ने अपने संदेश में कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को वैश्विक स्तर की तकनीकों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने तकनीकी नवाचार को समाज एवं उद्योग से जोड़ने पर बल दिया। सम्मेलन के संयोजक डॉ. महावीर सेन एवं श्री सुनील चोहान ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य बहुविषयक शोध को बढ़ावा देना तथा कंप्यूटिंग और आईटी कन्वर्जेंस के क्षेत्र में नवीन शोध कार्यों को साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करना है। संस्था के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मयंक शर्मा ने जानकारी दी कि सम्मेलन में प्रस्तुत शोध पत्रों और तकनीकी सत्रों को प्रतिभागियों द्वारा अत्यंत सराहा गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
