प्रेस नोट
दिनांक: 22 जुलाई 2025
आज जयपुर में गौ महाकुंभ 2025 के आयोजन हेतु एक प्रतिनिधि मंडल ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें इस ऐतिहासिक आयोजन में भागीदारी हेतु औपचारिक आमंत्रण सौंपा।इस प्रतिनिधि मंडल में गौ महाकुंभ के चेयरमैन डॉ. लाल सिंह, राष्ट्रीय प्रचारक श्री संजय शर्मा तथा मुख्य सलाहकार डॉ. पी.एम. भारद्वाज शामिल थे।डॉ. लाल सिंह राजस्थान सरकार में गोपालन के सेवानिवृत्त निदेशक हैं।डॉ. पी.एम. भारद्वाज राष्ट्रीय स्तर के मैनेजमेंट एवं मोटिवेशनल गुरु हैं, इसके अलावा भारत सरकार की सार्वजनिक क्षेत्र की चार संस्थाओं के सेवानिवृत्त एमडी/सीएमडी भी हैं।श्री गहलोत ने आयोजकों को शुभकामनाएँ देते हुए गौ महाकुंभ 2025 में स्वयं उपस्थित रहने का आश्वासन दिया। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति, कृषि, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ा एक सार्थक और प्रेरणादायक कदम बताया।गौ महाकुंभ 2025, जो कि आगामी 4 सितम्बर से आयोजित होने जा रहा है, एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का महायज्ञ है, जिसका उद्देश्य गौ आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है। इसमें दूध, गोमूत्र, गोबर, जैविक कृषि, प्राकृतिक उत्पाद, आयुर्वेद, पंचगव्य चिकित्सा, गौ पर्यटन, और नवाचार से जुड़ी 200+ से अधिक प्रदर्शनी, विचार संगोष्ठियाँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, एवं ग्लोबल संवाद आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन गौ-सेवा के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत और हरित अर्थव्यवस्था के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
